पेसिफिक विश्वविद्यालय और रेडियो सिटी के संयुक्त तत्वावधान में सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड सीजन -2 का आयोजन 5 अक्टूबर 2020 को किया गया, जिसके अंतर्गत दसवीं से बारहवीं तक के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने स्पोर्ट्स, कल्चरल, एक्स्ट्रा करिकुलर और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपने माता-पिता तथा समाज का नाम रोशन किया है। सामान्यतः अकादमिक शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रोत्साहित किया जाता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। इसी कारण विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पेसिफिक विश्वविद्यालय ने गतवर्ष की भांति रेडियो सिटी के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
पेसिफिक विश्वविद्यालय के सचिव राहुल अग्रवाल ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष कार्यक्रम का आयोजन वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन गूगल मीट प्लेटफॉर्म द्वारा किया गया। इसके अंतर्गत उदयपुर संभाग के चयनित 200 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल कीं।
पेसिफिक विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शरद कोठारी के अनुसार खेलकूद, नृत्य, संगीत, गायन, वाद-विवाद, आशुभाषण तथा साहित्य लेखन जैसे क्षेत्रों में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम के माध्यम से विशेष पहचान दिलाई गई।
पेसिफिक विश्वविद्यालय के अकादमिक निदेशक प्रो. के. के. दवे ने कहा कि समाज के संपूर्ण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। इसी प्रकार के आयोजनों से एक स्वस्थ एवं विकसित समाज का निर्माण संभव हो सकता है।
पेसिफिक विश्वविद्यालय के डीन पीजी डॉ. हेमंत कोठारी ने सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड सीजन-1 में विद्यार्थियों द्वारा दिखाए गए उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं कला को निरंतर निखारते रहना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत 25 सुपर मेंटर्स को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपूर्वी चंदेल, तेजराज सिंह, दिलीप खोईवाल, माला सुखवाल, चंद्रपाल सिंह चूण्डावत एवं गौरवी सिंघवी ने भी अपनी उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
अभियात्रिंकी महाविद्यालय के निदेशक पियूष जवेरिया ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं खेल विशेषज्ञों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी प्राप्त हो, इसके लिए पेसिफिक विश्वविद्यालय निरंतर प्रयासरत रहता है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समय-समय पर सह-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बना रहे।
विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गजेन्द्र पुरोहित ने कहा कि विद्यार्थियों के हुनर को निखारने में यह अवॉर्ड सेरेमनी एक सफल प्रयास सिद्ध हुई है। समारोह में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध सभी महाविद्यालयों के डीन, डायरेक्टर्स एवं फैकल्टी मेंबर्स उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन करिश्मा दायर ने किया।